सेल्फ स्टडी और कड़ी मेहनत ने बनाया गामिनी को UPSC Topper
यूपीएससी को भारत का सबसे कठिन एग्जाम माना जाता है| इस परीक्षा में छात्र व छात्राओं को जी-जान से मेहनत करनी पड़ती है| इस परीक्षा का रीजल्ट 30 मई को आ चुका है| ऐसे में इस परीक्षा में तीसरी रैंक लाने वाली Gamini Singla बहुत ही ख़ुश हैं| उनकी ख़ुशी में उनका पूरा परिवार है| परिवार के सभी सदस्य डांस कर रहे हैं| सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो बहुत ही तेज़ी से वायरल भी हो रहा है| वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पूरा परिवार गामिनी की सफलता को एक साथ मिलकर सेलिब्रेट कर रहा है|
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के श्री नयना देवी जी में डॉ. आलोक सिंगला और डॉ. नीरज सिंगला के घर साल 1998 में जन्मी Gamini Singla ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर हिमाचल का नाम चमकाया है। सूत्रों से बातचीत में गामिनी ने कहा कि सपना पूरा होने की खुशी है। यूपीएससी (UPSC) के लिए ये उनका दूसरा अटेम्प्ट था। परीक्षा की तैयारी के लिए हर रोज नौ से 10 घंटे पढ़ाई की। परीक्षा की तैयारी के लिए पिता का सहयोग मिला।
सिंगला ने कहा कि महिलाएं मेहनत और समर्पण से कुछ भी हासिल करने में सक्षम हैं। उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा को चुना है। वो देश के विकास और लोगों के कल्याण के लिए काम करना चाहती हैं। Gamini Singla ने सफलता का श्रेय भी अपने माता-पिता को दिया। युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए जी जान लगा दें।
Gamini Singla का परिवार मूलत: पंजाब के संगरूर जिले के संनाम गांव से संबंध रखता है। पिछले 24 साल से वो बिलासपुर के श्री नयना देवी जी में ही रह रहे हैं। गामिनी का जन्म भी यहीं हुआ है। उन्होंने 10वीं कक्षा तक की पढ़ाई नंगल के जिंदवाड़ी में माउंट कॉन्वेंट स्कूल से पूरी की। 12वीं कक्षा तक चंडीगढ़ में पढ़ाई की। कंप्यूटर साइंस में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज चंडीगढ़ से बीटेक की डिग्री पूरी की। कंप्यूटर विज्ञान में बीटेक की डिग्री रखने वाली सिंगला ने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय रखा था।
यूपीएससी की परीक्षा पास करते ही Gamini Singla परिवार के साथ श्री नयना देवी मंदिर पहुंचीं। गामिनी सिंगला के पिता डॉ. आलोक सिंगला श्री नयना देवी जी के तरसूह पीएचसी में कार्यरत हैं। माता डॉ. नीरज सिंगला भी श्री नयना देवी जी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टोबा में कार्यरत हैं। देश भर में बेटी का तीसरा स्थान आने पर पूरा परिवार झूमते हुए श्री नयना देवी मंदिर पहुंचा। ढोल के साथ परिजनों ने भंगड़ा डाला।
इंडिया की ऐसी ही पॉजिटिव ख़बरें और वीडियो आप हमें मेल कर सकते हैं : share@nekinindia.com
(हमसे जुड़े रहने के लिए आप हमें यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं )