खेल के मैदान में स्वर्णिम इतिहास रचने में बेटियाँ भी बेटों से कम नहीं
अगर जिंदगी को ज़िंदादिली से जीना है, तो खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हिस्सा लेने पहुंचे हरियाणा के खिलाड़ियों से सीखिए| वे अथक प्रयासों से अपनी मंजिल तक पहुंचने के साथ अपने माता-पिता के अधूरे सपनों को भी पूरा कर रहे हैं| एक तरफ ये खेल के मैदान में स्वर्णिम इतिहास रचते हैं तो दूसरी तरफ परिवार की जिम्मेदारी भी उठाते हैं|
इनमें प्रदेश की बेटियां भी बेटों से कम नहीं हैं| कोई अपने भाई का पढ़ाई का खर्च उठा रहा है तो कुछ खिलाड़ी खेल में बेहतर प्रदर्शन के जरिए सरकारी नौकरी पाकर अपने पिता का कर्ज चुकाना चाहते हैं। वहीं एक खिलाड़ी गरीब बच्चों के लिए अकादमी खोलना चाहता है, ताकि उसके जैसे तमाम बच्चों को अपने मंजिल का चुनाव करने के लिए भटकना ना पड़े|
खेलो इंडिया यूथ गेम्स की सेक्टर-14 के गवर्नमेंट गर्ल्स पीजी कॉलेज में वेट लिफ्टिंग के 55 किलो भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली रोहतक की गांव मोरखेड़ी की Usha देश की लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं| उन्होंने लगातार तीसरी बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पदक जीता है| रोहतक की बेटी खेल में देश का नाम तो रोशन कर रही है, अपने पिता की जिम्मेदारियां भी पूरी कर रही है|
Usha ने बताया कि उसे हर महीने दस हजार रुपये स्कालरशिप मिलती है| उन पैसों से वो अपने छोटे भाई रमन की पढ़ाई का खर्च उठाती है| खुद 2024 में ओलंपिक में देश के लिए पदक और अपने भाई को सेना का अधिकारी बनाना चाहती है| उषा ने बताया कि उसके पिता सुरेंद्र कुमार इलेक्ट्रीशियन हैं| उसकी मां सपना हाउस वाइफ हैं|
Usha ने बताया कि खेल उसने इसलिए चुना है कि उसके गांव में सिर्फ वेट लिफ्टिंग ही सिखाया जाता है| करीब तीन से चार साल पहले गांव की अकादमी अचानक बंद हो गई| उस समय उसकी हिम्मत डगमगा गई, घर से बाहर जाकर ट्रेनिंग करने के लिए पिता के पास इतने पैसे नहीं थे| उस समय पिता ने हौसला बढ़ाया और उषा उठ खड़ी हुई|
दिल्ली में राजस्थान के राजगढ़ स्थित उर्मिला स्पोर्ट्स अकादमी के लिए ट्रायल दिया और वहां Usha का चयन हो गया| जहां उसे फ्री में रहने और खाने के साथ ट्रेनिंग की भी सुविधा मिली| धीरे-धीरे वो आगे बढ़ती गई और आज वर्तमान में लखनऊ के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 2024 में होने वाले ओलंपिक की ट्रेनिंग कर रहीं हैं|
इंडिया की ऐसी ही पॉजिटिव ख़बरें और वीडियो आप हमें मेल कर सकते हैं : share@nekinindia.com
(हमसे जुड़े रहने के लिए आप हमें यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं )